CG | Tue, 25 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने स्कूल में जड़ा ताला, परिजनों के साथ किया जोरदार प्रदर्शन

25 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 761 views
CG NEWS: शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने स्कूल में जड़ा ताला, परिजनों के साथ किया जोरदार प्रदर्शन

अभनपुर। CG NEWS: शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तमासिवनी में गणित विषय के शिक्षक की कमी को लेकर छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को छात्रों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्रों का कहना है कि शिक्षक की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लंबे समय से इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

जिला पंचायत सदस्य का समर्थन

छात्रों के आंदोलन की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू भी मौके पर पहुंचे और छात्रों के साथ स्कूल के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने छात्रों की मांग का समर्थन करते हुए स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की मांग की।

जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने बताया कि स्कूल में गणित विषय के लिए एक शिक्षक की पोस्टिंग की गई थी, लेकिन संबंधित शिक्षक को रायपुर जिला पंचायत में अटैच कर दिया गया है।

उनका कहना है कि शिक्षक के दूसरे स्थान पर अटैच होने के बावजूद उनका वेतन स्कूल से ही जारी किया जा रहा है। ऐसे में स्कूल में शिक्षक की कमी बनी हुई है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

फिलहाल स्कूल परिसर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन जारी है और सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि छात्रों की शिक्षक की मांग पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

तत्काल शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग

छात्रों का कहना है कि गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय की नियमित पढ़ाई के लिए तत्काल शिक्षक की व्यवस्था की जाए। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।

इधर स्कूल में तालाबंदी और छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। अधिकारियों द्वारा छात्रों, स्कूल प्रबंधन और जिला पंचायत सदस्य से चर्चा कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp