CG | Sun, 13 September 2026

No Ad Available

CG NEWS: सीपत एनटीपीसी ठेका कर्मी पर जानलेवा हमला, नहर रोड पर लूटपाट का विरोध करने पर पीठ में घोंपा चाकू

13 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 707 views
CG NEWS: सीपत एनटीपीसी ठेका कर्मी पर जानलेवा हमला, नहर रोड पर लूटपाट का विरोध करने पर पीठ में घोंपा चाकू

बिलासपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एनटीपीसी सीपत के एक ठेका कर्मी पर बदमाशों ने बेरहमी से जानलेवा हमला कर दिया। नहर रोड पर लूटपाट की नीयत से पहले बदमाशों ने उसे घेरा, और जब उसने पैसे और मोबाइल देने से इनकार किया तो पीछे से उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया गया। घायल कर्मी का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना सीपत थाना क्षेत्र की है, जहां मूलरूप से बिहार निवासी 40 वर्षीय इरशाद अली एनटीपीसी सीपत में ठेकेदार के अधीन वेल्डर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वे जांजी बाजार से सब्जी और चिकन खरीदकर लौट रहे थे, तभी नहर रोड पर चार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर धमकाया और पैसे व मोबाइल की मांग की। गनीमत रही कि उस समय वहां से गुजर रहे साइकिल सवार ग्रामीणों को देखकर बदमाश छिप गए, और इरशाद ने ग्रामीणों की मदद से जांजी चौक तक पहुंचकर अपनी जान बचाई।

हालांकि, जैसे ही वे चौक से अकेले अपने घर की तरफ जाने वाले सुनसान रास्ते पर पहुंचे, घात लगाकर बैठे उन बदमाशों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। लूटपाट का फिर से विरोध करने पर एक हमलावर ने पीछे से उनकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया, जो सीधा पीठ में ही धंस गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वे किसी तरह एक किराना दुकान तक पहुंचे, जहां से दुकानदार ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल और फिर बिलासपुर के सिम्स (CIMS) रेफर कराया। पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश तेज करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.