CG | Fri, 21 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देता है संत रविदास जी का जीवन : नवीन अग्रवाल

21 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 805 views
CG NEWS: सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देता है संत रविदास जी का जीवन : नवीन अग्रवाल

आरंग। CG NEWS: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आरंग में आयोजित जिला स्तरीय समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने माननीय उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के साथ सम्मिलित होकर संत रविदास जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज, भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर समरसता संकल्प कलश का वंदन कर सामाजिक एकता, भाईचारे और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की सेवा का महान संदेश देता है। उन्होंने समाज को जाति-पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान सम्मान देने की प्रेरणा दी। उनका विचार था कि ईश्वर की प्राप्ति केवल आडंबरों में नहीं, बल्कि अपने कर्म, आचरण, कर्तव्य पालन और कार्यकुशलता को श्रेष्ठ बनाने में है। गुरु रविदास जी का यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और हम सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, जहां सभी को समान अवसर, सम्मान और अधिकार प्राप्त हों।

उन्होंने संत रविदास जी की अमर पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—

“ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।।“

अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी का यह सपना एक ऐसे समाज की परिकल्पना है, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में रायपुर जिला भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग जी सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता साथी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp