रायपुर। CG NEWS: संत श्री गजानन महाराज संस्थान, तत्यापारा रायपुर में गजानन महाराज प्रगट उत्सव सप्ताह पूरे श्रद्धा, भव्यता और नई साज-सज्जा के साथ मनाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 5 फरवरी 2026 को गुरुवार के दिन कलश स्थापना, षोडशोपचार पूजन, सहस्त्रावर्तन पूजन एवं अभिषेक के साथ की गई। 
उत्सव सप्ताह के दौरान प्रतिदिन प्रातः काल सहस्त्रावर्तन, सहस्त्राभिषेक पूजन एवं आरती का आयोजन हो रहा है, वहीं प्रतिदिन संध्या समय विशेष धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 6 फरवरी को श्री चैतन्य जोगलेकर एवं श्री सोमेंद्र फड़के द्वारा महाराज के सम्मुख भजन प्रस्तुति दी गई, जबकि 7 फरवरी को कु. अरणा देवासकर एवं श्री प्रज्योत देवासकर, लखनऊ द्वारा सुगम संगीत प्रस्तुत किया गया।

8 फरवरी 2026 को गजानन महाराज का प्रगट दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें प्रातः 10 बजे श्री गणेश याग एवं 1100 मोदकों की आहूति दी जाएगी। 9 फरवरी को महाप्रसाद भाजी-भाकर भंडारा एवं रात्रि 8 बजे महाआरती का आयोजन होगा।

वहीं 10 फरवरी 2026 को महिलाओं द्वारा भजन प्रस्तुति के साथ सायं 6 बजे गजानन महाराज की भव्य शोभायात्रा (पालकी) निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे, इसके पश्चात महाराज की आरती एवं गोपाल काला का आयोजन किया जाएगा। संस्थान द्वारा सभी श्रद्धालुओं से इस प्रगट उत्सव सप्ताह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
