CG | Fri, 01 May 2026

No Ad Available

CG NEWS: रायगढ़ जिला अस्पताल में निःशुल्क कुष्ठ विकृति सुधार शिविर, 22 मरीजों का सफल ऑपरेशन

01 May 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 2 views
CG NEWS: रायगढ़ जिला अस्पताल में निःशुल्क कुष्ठ विकृति सुधार शिविर, 22 मरीजों का सफल ऑपरेशन

रायगढ़। CG NEWS: जिले में कुष्ठ रोग से उत्पन्न शारीरिक विकृतियों के उपचार और मरीजों को सामान्य जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से जिला अस्पताल में निःशुल्क विकृति सुधार शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश पटेल का विशेष निर्देशन रहा।

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर का संचालन डॉ. अविनाश चंद्रा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा के नेतृत्व में किया गया। शिविर के प्रथम चरण में 27 अप्रैल को किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ में फिजियोथेरेपिस्ट टीम द्वारा कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान विकृति से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों का चयन किया गया। चयनित 22 मरीजों को 28 से 30 अप्रैल के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कर उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया गया।

यह जटिल शल्य चिकित्सा आर.एल.टी.आर.आई. लालपुर रायपुर के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले और उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा कैंप मोड में की गई। सर्जन ने बताया कि उनकी तीन सदस्यीय टीम ने जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए मरीजों का सफल ऑपरेशन किया है और सभी के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है। शिविर के तहत प्रत्येक मरीज को उपचार के बाद 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, ताकि वे स्वस्थ होने तक किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करें। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षण जैसे त्वचा पर दाग दिखाई देने पर तुरंत जांच और उपचार शुरू कराएं, जिससे विकृति से बचाव संभव हो सके।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.