रायगढ़। CG NEWS जूटमिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा चौक स्थित शिव ट्रेडिंग राइस मिल के गोदाम में देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे चावल, बारदाना और भूसे को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे कर्मचारियों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद आग लगने की जानकारी मिली। कर्मचारियों ने तुरंत राइस मिल संचालक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल टीम के पहुंचने तक आग गोदाम के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तीन फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर लगाया। लगातार पानी की बौछार के बाद तड़के करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। जिला सेनानी ब्लासियुस कुजूर ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।