बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर जिले में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंथन सभा कक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में खेती, सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन समेत कई अहम मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने लंबित कार्यों में तेजी लाने के साथ बारिश का मौसम खत्म होते ही स्वीकृत विकास कार्यों को तेजी से शुरू करने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। वहीं बारिश से खराब हुई सड़कों को लेकर भी अधिकारियों को नागरिकों की परेशानी जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायकों, महापौर और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों पर भी चर्चा हुई।
बिलासपुर के मंथन सभा कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में जिले में चल रही प्रमुख सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता पर चर्चा हुई, जहां कृषि विभाग ने मांग के अनुसार खाद की आपूर्ति और सुरक्षित भंडारण के साथ वितरण व्यवस्था की जानकारी दी।
वहीं बारिश के कारण खराब हुई सड़कों का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। प्रभारी मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि खराब सड़कों के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए जरूरी काम तत्काल किए जाएं।
इसके साथ ही बारिश का मौसम खत्म होने के बाद स्वीकृत निर्माण कार्यों को बिना देरी शुरू करने की तैयारी अभी से पूरी करने को कहा गया। बिजली व्यवस्था को लेकर भी आने वाली चुनौतियों से निपटने कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए पात्र हितग्राहियों को लगातार लाभ दिलाने और निर्माण कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने को कहा गया। निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के साथ समय-समय पर समीक्षा करने की जिम्मेदारी कलेक्टर को दी गई।
मिशन की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हस्तांतरित योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है और केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम तेज किया जा रहा है। बैठक के बाद अरुण साव ने इसे सार्थक चर्चा बताते हुए कहा कि बैठक में मौजूद विधायकों, महापौर और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण सुझाव मिले हैं।
इन सुझावों के आधार पर जिले के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला और धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल समेत ग्रामीण जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।