CG | Fri, 21 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: फरसगांव में साइबर जागृति अभियान, महाविद्यालय में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

21 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 778 views
CG NEWS: फरसगांव में साइबर जागृति अभियान, महाविद्यालय में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

कोंडागांव । CG NEWS: छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत फरसगांव थाना पुलिस द्वारा चैतू गायता शासकीय महाविद्यालय फरसगांव में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने विद्यार्थियों को फर्जी लॉटरी, इनाम जीतने, नौकरी लगाने, कम ब्याज पर लोन, ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने सहित विभिन्न तरीकों से होने वाली ऑनलाइन ठगी के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, म्यूल सिम एवं बैंक अकाउंट के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों से भी सावधान रहने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM, बैंक अकाउंट या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने तथा अनजान लोगों की वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान में सहभागिता
अभियान के तहत ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ थीम पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। साथ ही व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ और ‘मैं साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ का नारा लगाते हुए साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp