बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 68 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक से 35 लाख रुपए ठगने की कोशिश का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौ
तम बताकर बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया और वीडियो कॉल के जरिए लगातार संपर्क में रखा।
ठगों ने बुजुर्ग के अलग-अलग बैंक खातों में जमा रकम को एक खाते में ट्रांसफर करा लिया था और इसके बाद पूरी रकम निकालने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बुजुर्ग के मित्र ने एसएसपी को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब 35 लाख रुपए की रकम ठगों के हाथ लगने से बच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी और उनकी टीम सक्रिय हुई और वरिष्ठ नागरिक को ठगी के जाल से बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि वीडियो कॉल करने वाला मोबाइल नंबर पहले से फ्रॉड गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। ठगों ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर बुजुर्ग पर दबाव बनाया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तारी का डर दिखाकर बैंक खातों की रकम एक जगह ट्रांसफर कराई थी।
हालांकि समय रहते सूचना मिलने से ठगी की कोशिश नाकाम हो गई और करीब 35 लाख रुपए खाते में सुरक्षित रह गए। मामले की रिपोर्ट एनसीसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीडियो कॉल पर कोई व्यक्ति खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पैसे ट्रांसफर करने को कहे तो तुरंत सतर्क रहें और संबंधित विभाग को सूचना दें।