CG | Thu, 15 October 2026

No Ad Available

CG NEWS: पानी के तेज बहाव में फंसी 70 यात्रियों से भरी बस, पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित निकाला

27 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 1028 views
CG NEWS: पानी के तेज बहाव में फंसी 70 यात्रियों से भरी बस, पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित निकाला

रायपुर। CG NEWS: राजधानी रायपुर के नजदीक सारागांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की यात्री बस कोल्हान नाले में तेज बहाव के बीच फंस गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। नाले में पानी बढ़ने के कारण पुलिस टीम पहले से ही मौके पर तैनात थी और वाहनों को आगे बढ़ने से रोक रही थी।

बताया जा रहा है कि बस जब नाले के पास पहुंची तो यात्रियों ने पानी का तेज बहाव देखकर चालक को बस आगे नहीं ले जाने की सलाह दी। इसके बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा और वह पानी के बहाव में फंस गई।

बस के फंसते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकलने की तैयारी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए। ग्रामीणों की मदद से बस के पास पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने का रेस्क्यू शुरू किया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने बस की दाईं ओर की खिड़कियों के जरिए यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर कर लिया गया। समय रहते हुए हुए रेस्क्यू के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौके पर चेतावनी और पानी के तेज बहाव के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया। पुलिस ने बस के परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की है।

विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था और पुलिस टीम वाहनों को रोक रही थी। इसी दौरान यात्री बस आगे निकल गई और ट्रकों को रास्ता देने के दौरान पानी के बहाव में फंस गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की जांच जारी है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.