CG | Mon, 27 July 2026

No Ad Available

CG NEWS: महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642.27 करोड़ रुपए

05 Jun 2026 | WEENEWS DESK | 35 views
CG NEWS: महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642.27 करोड़ रुपए

बिलासपुर। CG NEWS: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपए की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा महतारी वंदन योजना इस दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती किसी भी समाज और राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है, जिसका उपयोग वे परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार गतिविधियों में कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही योजना के अंतर्गत अब तक महिलाओं को कुल 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं नियद नेल्लानार अभियान के माध्यम से सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों की 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत हो सके।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.