जांजगीर-चांपा। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का मजबूत माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी योगदान दे रही हैं।
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रसौटा की रहने वाली सुनीता अनंत और सरिता भारद्वाज सहित ग्राम पंडरिया की अंजू कंवर के लिए भी यह योजना राहत और आत्मनिर्भरता का आधार बनी है। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं राशन, घरेलू खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। वहीं सुनीता अनंत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़कर मशरूम उत्पादन का काम कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा वे मशरूम बीज और जरूरी सामग्री खरीदने में भी इस्तेमाल करती हैं। इससे उनकी आजीविका को मजबूती मिल रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने में भी मदद मिल रही है।
वहीं अंजू कंवर ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना की एकमुश्त राशि का उपयोग अपनी किराना दुकान में किया, जिससे उन्हें अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली। महिलाओं का कहना है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है।