बिलासपुर। CG NEWS: महिला सशक्तिकरण, त्वरित न्याय और शिकायतों के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा 29 अप्रैल को महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर करेंगी।
सुबह 10 बजे “शी सर्वज” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम, कंपनी गार्डन के पास किया जाएगा, जिसमें महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।
इसके पश्चात 11:30 बजे कलेक्टोरेट स्थित मंथन मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक होगी, जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोपहर 1 बजे जल संसाधन विभाग परिसर स्थित प्रार्थना सभा कक्ष में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। वहीं दोपहर 3 बजे “यशोदा एआई” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें तकनीक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के नए आयामों पर चर्चा की जाएगी।