CG | Fri, 06 February 2026

No Ad Available

CG NEWS: कुंभ कल्प मेला में प्रतिदिन हो रही महानदी की महाआरती, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम

05 Feb 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 24 views
CG NEWS: कुंभ कल्प मेला में प्रतिदिन हो रही महानदी की महाआरती, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम


गरियाबंद,राजिम CG NEWS: कुंभ कल्प मेला में जबलपुर से पधारी साध्वी प्रज्ञा भारती के सानिध्य में प्रतिदिन महानदी की भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इस महाआरती में बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण के साक्षी बन रहे हैं।

मंगलवार को आयोजित महाआरती में राजिम विधायक रोहित साहू विशेष रूप से शामिल हुए और महानदी की आरती उतारी। मेले में प्रतिदिन शाम 7 बजे महानदी घाट पर 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महाआरती की शुरुआत होती है। आरती के दौरान घाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी और भावविभोर कर देने वाला होता है।

जबलपुर से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराई जा रही आरती की विधि अपने आप में विलक्षण है। शंखनाद, कपूर, दीप, चवर एवं मंत्रोच्चार के साथ एक साथ प्रज्वलित होती महाआरती से पूरा मेला परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है। वैसे तो राजिम कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की यह विशेष अभिलाषा रहती है कि वे किसी न किसी दिन महानदी की महाआरती के साक्षी अवश्य बनें। इसी कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आरती घाट पर पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि आरती से मन को शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, नकारात्मकता दूर होती है तथा आध्यात्मिक उन्नति होती है।

महानदी की आरती से आध्यात्मिक शांति मिलती है

महाआरती के पश्चात विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। महानदी की महाआरती से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि राजिम कुंभ में काशी और प्रयागराज जैसी दिव्यता का अनुभव हो रहा है। मैं सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करता हूं कि वे इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

इस अवसर पर नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, नवापारा पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू की धर्मपत्नी कांतिदेवी साहू, नगर पालिका सभापति आकाश सिंह राजपूत, भरत यादव, पार्षद सुरेश पटेल, बलराम यादव, अजय पटेल, पार्षद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, भाजपा नेत्री खुशी साहू, देवकी साहू, राजीव लोचन महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष छाया राही, मधु नत्थानी, रीतु वर्मा, कुसुम सोनी, अभनपुर पार्षद चंपा लेदेकर एवं मीना साहू, राजिम एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार मयंक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आरती घाट में समुद्र मंथन का आकर्षक दृश्य

आरती घाट के पीछे ऊंचाई पर समुद्र मंथन का भव्य झांकी बनाया गया है, जिसमें एक ओर देवता तो दूसरी ओर दानव वासुकी नाग को पकड़े हुए मंदराचल पर्वत को मथनी बनाकर खींचते हुए दिखाई देते हैं। समुद्र मंथन का यह दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है और महाआरती की भव्यता में चार चांद लगा रहा है।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.