CG | Fri, 21 August 2026

No Ad Available

CG NEWS: करंट से किसान की मौत के बाद बिजली विभाग में कार्रवाई, एक माह बाद जेई का तबादला; उठे कई सवाल

21 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 833 views
CG NEWS: करंट से किसान की मौत के बाद बिजली विभाग में कार्रवाई, एक माह बाद जेई का तबादला; उठे कई सवाल

खैरागढ़। CG NEWS: बीते माह 10 जुलाई को करंट की चपेट में आने से किसान धनसाय पटेल की मौत का मामला अब गरमाता जा रहा है। हादसे के एक माह बाद मुढ़ीपार विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता अतुल गहरवार का तबादला साल्हेवारा कर दिया गया। कार्रवाई मुख्य अभियंता राजनांदगांव ने की है, जबकि विभागीय जांच जारी होने की बात कही गई है।

ग्राम पिपलाकछार में खेत के किनारे विद्युत तार टूटकर गिरा था। ग्रामीणों ने करीब दो माह पहले इसकी शिकायत विद्युत विभाग से की थी, लेकिन समय रहते तार की मरम्मत नहीं कराई गई। 10 जुलाई को खेत में काम करने पहुंचे धनसाय पटेल, चंपा साहू और सीमनदास साहू टूटे तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से धनसाय की मौत हो गई, जबकि चंपा साहू और सीमनदास साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

धनसाय परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी दो बेटियों में एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी कॉलेज में पढ़ रही है। पत्नी शकुन पटेल ने कहा कि बेटी को पढ़ाना और उसकी शादी करनी है, अब परिवार कैसे चलेगा समझ नहीं आ रहा। उन्होंने जिम्मेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की।

कार्यपालन अभियंता ए.के. दुबे के मुताबिक मामले में विभागीय जांच जारी है। उच्च कार्यालय ने कनिष्ठ अभियंता का तबादला किया है और जांच के बाद आगे कार्रवाई होगी। मुआवजे के लिए दस्तावेज शासन को भेजे जा रहे हैं और करीब एक माह में राशि मिलने की उम्मीद है।

लेकिन सवाल अब भी कायम है, जब शिकायत दो माह पहले मिल चुकी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई? किसान की मौत के बाद ही तार क्यों सुधारा गया? क्या सिर्फ तबादला ही पर्याप्त कार्रवाई है? और क्या किसी परिवार के इकलौते कमाने वाले की जिंदगी की कीमत इतनी भर है कि जिम्मेदार का तबादला कर दिया जाए और परिवार को मुआवजे का इंतजार कराया जाए?

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp