CG | Sat, 17 October 2026

No Ad Available

CG NEWS: किराना दुकान में सेंधमारी, टिन शेड हटाकर अंदर घुसा चोर, गल्ले के रुपये और सामान लेकर फरार

07 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 937 views
CG NEWS: किराना दुकान में सेंधमारी, टिन शेड हटाकर अंदर घुसा चोर, गल्ले के रुपये और सामान लेकर फरार

बिलासपुर। CG NEWS: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुंगेली नाका इलाके में एक किराना दुकान को चोर ने निशाना बनाते हुए टिन शेड हटाकर सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देर रात चोर दुकान के अंदर दाखिल हुआ और गल्ले में रखे रुपये समेत दुकान का सामान लेकर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह जब दुकान संचालक रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।

जांच करने पर चोरी की घटना सामने आई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें चोर दुकान में दाखिल होता नजर आ रहा है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि दुकान संचालक के मुताबिक इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

चोरी की वारदात गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। चोर ने पहले किराना दुकान के टिन शेड को हटाया और फिर दुकान के भीतर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद उसने दुकान में रखा सामान और गल्ले में मौजूद रुपये समेटे और मौके से फरार हो गया। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को जब सामान बिखरा मिला तो चोरी का पता चला।

इसके बाद तत्काल घटना की जानकारी संबंधित थाने में दी गई। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। फुटेज में चोरी की पूरी गतिविधि कैद होने की बात सामने आई है। अब इसी फुटेज के जरिए चोर की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य सुराग तलाशे जा रहे हैं।

इधर, दुकान संचालक सतीश रेलवानी का कहना है कि उनकी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से इलाके के कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। रात के समय दुकानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.