CG | Thu, 25 June 2026

No Ad Available

CG NEWS: इस जिले को मिले 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षक, प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षण की औपचारिक शुरुआत की

02 Jun 2026 | WEENEWS DESK | 26 views
CG NEWS: इस जिले को मिले 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षक, प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षण की औपचारिक शुरुआत की

रायगढ़। CG NEWS पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, नया रायपुर द्वारा 22 मई 2026 को जारी आदेश के तहत व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए आबंटित 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने रायगढ़ जिले में अपनी आमद दर्ज कराई। सभी प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षण की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने उनका वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि अकादमी प्रशिक्षण के बाद फील्ड में कार्य करना पुलिस सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। यहीं से वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने, सीखने और एक बेहतर पुलिस अधिकारी के रूप में स्वयं को विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को वरिष्ठों के मार्गदर्शन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है।

उन्होंने अधिकारियों को आम जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी दृष्टिकोण अपनाने की सीख दी। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासन पुलिस विभाग की पहली सीढ़ी है और प्रत्येक अधिकारी को अपने आचरण व कार्यशैली से विभाग की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने भी प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध विवेचना एवं पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं को गंभीरता से समझने तथा प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिले के विभिन्न थानों एवं इकाइयों में अस्थायी रूप से पदस्थ किया है, जहां वे पुलिसिंग की बारीकियां सीखते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.