रतनपुर। CG NEWS: रतनपुर के प्रसिद्ध गिरजावन हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को 70 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम चोरभट्ठी गनियारी निवासी चमरा राम सिदार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने से मंदिर परिसर में रह रहा था और गुरुवार को मंदिर के सहायकों के साथ अमरकंटक दर्शन के लिए भी गया था। रात में सभी लोग वापस मंदिर लौटे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तक चमरा राम सामान्य रूप से पूजा-पाठ करते दिखाई दिए, लेकिन इसके कुछ समय बाद मंदिर परिसर के यज्ञ स्थल के पास उनकी मौत की खबर सामने आई।
अचानक हुई इस घटना से मंदिर परिसर में मौजूद लोग सकते में आ गए। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुबह तक सामान्य नजर आ रहे बुजुर्ग के साथ ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस आसपास मौजूद लोगों और मंदिर से जुड़े सहायकों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल अनसुलझे हैं और जांच के जरिए इनका जवाब तलाशा जा रहा है।