रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के कथित षड्यंत्र का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने आरोप लगाया कि वह वर्षों से फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़ा है तथा अपनी दैनिक आय पत्नी सीमा बघेल को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था। वर्ष 2014 में रकम कम होने पर संदेह होने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। कथित तौर पर फुटेज में पत्नी द्वारा नकदी निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के खाते में लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन भी पाए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वर्ष 2022 में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना की जानकारी का लाभ उठाकर पत्नी, साला और ससुर ने दबाव बनाकर करीब 13.50 लाख रुपये की जमीन पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री करा ली।
व्यवसायी ने अन्य संपत्तियों को भी हड़पने के उद्देश्य से मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। एसडीओपी धरमजयगढ़ की जांच में चोरी, धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके आधार पर थाना घरघोड़ा में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले के तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।