बिलासपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। बैंक एटीएम की तर्ज पर अब ग्रेन एटीएम की शुरुआत होने जा रही है, जिसके जरिए राशन कार्डधारक 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार अनाज प्राप्त कर सकेंगे। इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से की जा रही है।
बिलासपुर में सीपत रोड स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास ग्रेन एटीएम स्थापित करने का कार्य अंतिम चरण में है और अगले एक सप्ताह में इसके पूरा होने के बाद जल्द ही लोकार्पण की तैयारी की जा रही है। मशीन में राशन कार्ड या आधार नंबर दर्ज कर बायोमेट्रिक सत्यापन करने के बाद निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे थैले या बोरी में मिल जाएगा।
इस व्यवस्था से राशन दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी और दुकान खुलने-बंद होने की बाध्यता भी समाप्त हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार योजना सफल रहने पर इसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि ग्रेन एटीएम पूरी तरह स्वचालित होगा और पात्र हितग्राहियों को पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से राशन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।