CG | Mon, 23 February 2026

No Ad Available

CG NEWS: आज से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र

23 Feb 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 7 views
CG NEWS: आज से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र

23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेंगी 15 बैठकें, 2813 प्रश्नों के साथ गरमाएगा सदन

रायपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण के बाद कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण और कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा होगी। सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।

बजट सत्र को लेकर विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर एक सूचना, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाओं की सूचना प्राप्त हुई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पर 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और 18 मार्च को इसे पारित किया जाएगा।

बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज है और विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.