नगरी। CG NEWS: नगरी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सांकरा से घठुला, बेलरगांव होते हुए जैतपुरी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जर्जर सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। यह मार्ग नगरी से सांकरा होते हुए कांकेर क्षेत्र को जोड़ता है। मार्ग पर बस, ट्रक, मेटाडोर सहित बड़ी संख्या में चारपहिया वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए भी बड़ी परेशानी और जोखिम का कारण बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क का डामरीकरण वर्ष 2003-04 के आसपास किया गया था। यानी सड़क को पक्के हुए दो दशक से अधिक समय बीत चुका है। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में सड़क की हालत लगातार बिगड़ती गई। वर्तमान में स्थिति यह है कि सड़क के गड्ढों में गिट्टी और मिट्टी डालकर महज अस्थायी मरम्मत की जा रही है, लेकिन कुछ समय बाद सड़क फिर उसी हालत में पहुंच जाती है।
आश्वासन बहुत, समाधान अब तक नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क को नए सिरे से पक्का बनाने के लिए शासन-प्रशासन से कई बार मांग की जा चुकी है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष समस्या रखने के बावजूद अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। स्थायी समाधान के अभाव में ग्रामीण वर्षों से बदहाल सड़क पर आवागमन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मार्ग की वास्तविक स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कराकर इसका नए सिरे से निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सके।
The post CG NEWS: 20 साल से बदहाल सड़क, गड्ढों में सफर करने को मजबूर ग्रामीण appeared first on Grand News.