खैरागढ़। CG NEWS: बारिश के मौसम से पहले मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती के बाद अब बारिश के दौरान भी लंबी कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। पांडादाह क्षेत्र के करीब 20 गांवों में 8 अगस्त को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक बिजली बंद रही। उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे, वहीं बिजली नहीं होने से खेती-किसानी के काम भी प्रभावित हुए। रात 9 बजे सप्लाई बहाल हुई तो कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने अपनी परेशानी जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर को बताई। उन्होंने पांडादाह विद्युत वितरण केंद्र में फोन कर समस्या से अवगत कराया, लेकिन काफी देर तक राहत नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 9.30 बजे अरुणा सिंह बनाफर खैरागढ़ स्थित विद्युत वितरण केंद्र पहुंचीं और कनिष्ठ अभियंता व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद बिजली सप्लाई व्यवस्थित की गई।
अरुणा सिंह ने कहा कि यह पहली बार नहीं, बल्कि रोज की समस्या है। उनके घर में भी वोल्टेज डाउन रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या जारी रही तो क्षेत्रवासियों के साथ विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।