CG | Fri, 13 February 2026

No Ad Available

CG NEWS : विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देगा सांसद खेल महोत्सव, विधायक रोहित साहू बोले – खेल सिखाता है एकता और टीमवर्क — सहभागिता ही असली सफलता का प्रतीक 

14 Oct 2025 | JAY SHANKAR PANDEY | 91 views
CG NEWS : विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देगा सांसद खेल महोत्सव, विधायक रोहित साहू बोले – खेल सिखाता है एकता और टीमवर्क — सहभागिता ही असली सफलता का प्रतीक 

 गरियाबंद। CG NEWS : छुरा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांडुका के खेल मैदान में आज संकुल स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ।

14 से 24 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता खेल एवं युवा कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत चरणबद्ध रूप से आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रोहित साहू ने कहा —

“सांसद खेल महोत्सव विकसित भारत की संकल्पना को मूर्त रूप देने का सशक्त माध्यम है। यह आयोजन न केवल युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाएगा, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और इन्हीं के माध्यम से युवाओं में नई ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत होती है।

विधायक श्री साहू ने इस अवसर पर विद्यालय विकास के लिए कई घोषणाएँ भी कीं —

• साइकिल स्टैंड निर्माण हेतु ₹10 लाख,

• खेल मैदान में लाइटिंग हेतु ₹2 लाख,

• अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा की।

साथ ही उन्होंने सरस्वती सायकल योजना के तहत बालिकाओं को साइकिल वितरण किया, जिससे छात्राओं के चेहरे पर प्रसन्नता झलक उठी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री बी.एस. सिंह उइके ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो खेल भावना से भाग लेता है। उन्होंने कहा —

“खेल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं। ये अनुशासन, एकता और दृढ़ता जैसे गुण सिखाते हैं जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं।”

कलेक्टर ने जानकारी दी कि यह प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों — 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष और 21 से 24 वर्ष के खिलाड़ियों के बीच संपन्न होगी। विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्य कंचन देवांगन, दुलारी साहू, तथा सरपंच सुश्री भानू ध्रुव सहित अनेक अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.एल. मतावले, नोडल अधिकारी आर.के. ध्रुव, प्राचार्य वाय.आर. साहू, सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

इसी कड़ी में नगर पालिका गरियाबंद, नगर पंचायत फिंगेश्वर, देवभोग एवं विकासखंड मैनपुर में भी संकुल स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का सफल आयोजन किया गया, जहां युवा प्रतिभाओं ने जोश और उमंग के साथ अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.