जगदलपुर। CG NEWS : विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की फूल रथ परिक्रमा के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब रथ का पहिया निकल गया। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से रथ की परिक्रमा कराने पर जोर दिया, लेकिन ग्रामीण पारंपरिक तरीके से रथ खींचने पर अड़े रहे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। बाद में बस्तर सांसद महेश कश्यप के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और सुरक्षित तरीके से रथ परिक्रमा पूरी कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, फूल रथ की अंतिम परिक्रमा के दौरान रथ का पहिया निकल गया था। पहिया दोबारा लगाने के बाद ग्रामीण मिताली चौक के पास रथ खींचने पर अड़ गए। वहीं, पुलिस ने संभावित हादसे को देखते हुए मशीनों की मदद से रथ खींचने की बात कही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

सीएसपी सुमित कुमार के अनुसार, रथ का पहिया निकलने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेसीबी की मदद से परिक्रमा कराने की जरूरत थी। ग्रामीणों के सहमत नहीं होने से विवाद की स्थिति बनी। बाद में सांसद महेश कश्यप के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण पुलिस की बात मानने को तैयार हुए और परिक्रमा संपन्न कराई गई।

दो दिन पहले भी हुआ था हादसा
बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान दो दिन पहले भी विवाद हुआ था। उस दौरान फूल रथ निर्धारित मार्ग से हटकर पावर हाउस चौक की ओर चला गया था। इस दौरान दो स्कूटी रथ की चपेट में आ गईं और रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा गिरने से कई लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
The post CG NEWS : बस्तर दशहरा में रथ का पहिया निकलने पर हंगामा, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प appeared first on Grand News.