CG | Tue, 02 June 2026

No Ad Available

CG NEWS : राजस्व अधिकारी प्रकरण पर गरमाई सियासत: कार्रवाई की मांग को लेकर पटवारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, चेतावनी – न्याय नहीं मिला तो आंदोलन का ऐलान

01 Jun 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 8 views
CG NEWS : राजस्व अधिकारी प्रकरण पर गरमाई सियासत: कार्रवाई की मांग को लेकर पटवारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, चेतावनी – न्याय नहीं मिला तो आंदोलन का ऐलान

गरियाबंद। CG NEWS : सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर गरियाबंद जिला राजस्व पटवारी संघ ने प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन जारी कर कड़ी नाराजगी जताई है और दोषियों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पटवारी संघ द्वारा जारी ज्ञापन के अनुसार 27 मई 2026 को उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट, जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार, अभद्रता और मारपीट की घटना हुई। संघ ने आरोप लगाया है कि इस घटना में क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो तथा उनके समर्थक और सहयोगी शामिल थे।

संघ का कहना है कि एक शासकीय अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से इस तरह का व्यवहार न केवल सरकारी कर्मचारी की गरिमा पर हमला है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और कानून के शासन को खुली चुनौती देने जैसा भी है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा शासकीय सेवक के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है तो इससे पूरे प्रशासनिक अमले में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है।

राजस्व पटवारी संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संघ ने यह भी कहा कि वह छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की सभी मांगों का पूर्ण समर्थन करता है।

संघ ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो राजस्व कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

इस संबंध में जारी ज्ञापन राजस्व पटवारी संघ जिला गरियाबंद की ओर से कार्यकारी जिला अध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। संघ ने ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेशाध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ और जिले के सभी तहसील अध्यक्षों को भी भेजी है।

 


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.