बिलासपुर। CG NEWS : रतनपुर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर के गेट के पास पुराने चोरी के विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े बताए जा रहे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। घटना के बाद दोनों पक्ष रतनपुर थाने पहुंचे और अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई।
तुषार पटेल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पुराने चोरी के मामले को लेकर पूछताछ के दौरान उसे मौके पर बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में मारपीट के दौरान चोट लगने और कपड़े फटने का भी उल्लेख किया गया है।
वहीं दूसरी ओर रेहाना बेगम ने भी थाने में शिकायत देकर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बाल पकड़कर उनके साथ मारपीट की। सार्वजनिक स्थान पर हुए इस विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद होता दिखाई दे रहा है। फिलहाल रतनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।