आरंग। CG NEWS : आरंग नगर में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां कार की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर अपनी ही कार में आग लगा दी। इस दौरान वह स्वयं भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक कॉलोनी वार्ड क्रमांक-5 निवासी गालव सोनकर की टाटा विस्टा कार में तकनीकी खराबी आ गई थी। वाहन को उन्होंने लगभग चार माह पूर्व स्थानीय गैरेज में मरम्मत के लिए छोड़ा था। बताया जा रहा है कि वाहन की मरम्मत में लगातार हो रही देरी के कारण वह काफी समय से परेशान थे और गैरेज के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को गालव सोनकर गैरेज पहुंचे, जहां उनकी कार अब भी खड़ी थी। इसी बात को लेकर उनकी गैरेज संचालक से बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान उन्होंने गुस्से में आकर पेट्रोल छिड़ककर अपनी कार में आग लगा दी।
आग लगते ही वाहन कुछ ही मिनटों में धू-धू कर जलने लगा। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। इसी दौरान युवक भी आग की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल श्रेयांश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। मामले की जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल युवक की हालत का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
The post CG NEWS : कार की मरम्मत में देरी से नाराज युवक ने अपनी ही कार में लगाई आग, खुद भी गंभीर रूप से झुलसा appeared first on Grand News.