CG | Thu, 20 August 2026

No Ad Available

CG NEWS : कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल और उनके करीबियों के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, रायपुर-दुर्ग-धमतरी में की गई छापेमारी

20 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 1005 views
CG NEWS : कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल और उनके करीबियों के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, रायपुर-दुर्ग-धमतरी में की गई छापेमारी

रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह एक साथ कई ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। ED की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कारोबारियों और कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी। टीमों द्वारा घर और कार्यालयों में दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर भी कार्रवाई

रायपुर के अनुपम नगर स्थित कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के निवास और धमतरी के सिहावा रोड स्थित उनके घर पर भी ED की कार्रवाई जारी है। रामगोपाल अग्रवाल को शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े मामले में आरोपी बनाया गया है। करीब 8 दिन पहले ED ने उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।

धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर पर ED की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं। कार्यकर्ता ED और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। मौके पर विधायक, जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं।

अनूप अग्रवाल के घर भी पहुंची ED टीम

रायपुर के रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी ED की टीम ने दबिश दी है। अनूप अग्रवाल को रामगोपाल अग्रवाल का करीबी माना जाता है। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

दुर्ग में बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी

वहीं, दुर्ग में भी ED ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास और कार्यालयों में एक साथ तलाशी शुरू की। बताया जा रहा है कि करीब 7 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, सजल जैन और विश्वास गुप्ता को भी रामगोपाल अग्रवाल का करीबी माना जाता है। साथ ही दोनों के रियल एस्टेट कारोबार में कुछ अधिकारियों के निवेश की चर्चा भी सामने आती रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी सजल जैन और विश्वास गुप्ता से जुड़े मामलों में ACB की कार्रवाई हो चुकी है। मौजूदा ED कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए CRPF के जवानों को तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कार्रवाई शुरू होने से पहले सूचना दी गई थी।

कार्रवाई को लेकर ED की आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल ED की टीमें सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच कर रही हैं। तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ED की ओर से भी कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ED की टीम को तलाशी के दौरान क्या महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है। अधिकारी फिलहाल मीडिया से बातचीत करने से बच रहे हैं।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp