साकेत श्रीवास्तव / खैरागढ़। CG NEWS : ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में रविवार को वर्षों पुराना जर्जर पंचायत भवन अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय भवन के भीतर सरपंच और सचिव मौजूद थे। भवन का एक हिस्सा गिरते ही दोनों खतरा भांपकर तत्काल बाहर निकल आए। उनके बाहर आने के कुछ ही देर बाद पूरा भवन मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि पंचायत भवन का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था। लंबे समय से भवन की हालत खराब थी और ग्रामीण नए भवन की मांग कर रहे थे। भवन गिरने से अंदर रखा महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और पंचायत का रिकॉर्ड भी मलबे में दब गया, जिससे पंचायत के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि भवन करीब 20-25 साल पुराना था। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण पंचायत के आधे हिस्से का उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि नए पंचायत भवन का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। साथ ही बारिश के बाद डीएमएफ फंड से सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। ग्रामीणों ने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और नए भवन की मांग की है।