बिलासपुर। CG NEWS : जिले के सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में दो सगी बहनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। दोनों बहनों की एक साथ अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पहले 13 वर्षीय बड़ी बहन नीशू की मौत हुई थी, वहीं अस्पताल में भर्ती 6 वर्षीय छोटी बहन तेजस्वनी ने भी आज दम तोड़ दिया। दोनों बहनों के एक साथ बीमार पड़ने की वजह से जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही थी, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि खैरा-लगरा गांव में दोनों बहनें जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 13 वर्षीय नीशू की मौत हो गई। इसके बाद 6 वर्षीय तेजस्वनी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन आज उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार की दो मासूम बहनों की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। दोनों की तबीयत एक साथ बिगड़ने के कारण जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों बहनों की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।