CG | Wed, 11 November 2026

No Ad Available

CG NEWS : छत्तीसगढ़ में 16-17 साल बाद बदलेगा आंगनबाड़ियों के बच्चों के नाश्ते का मेन्यू, दलिया की जगह ये व्यंजन होंगे शामिल

11 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 730 views
CG NEWS : छत्तीसगढ़ में 16-17 साल बाद बदलेगा आंगनबाड़ियों के बच्चों के नाश्ते का मेन्यू, दलिया की जगह ये व्यंजन होंगे शामिल

रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ की आंगनबाड़ियों में पढ़ने वाले 3 से 6 साल तक के बच्चों को अब सालों पुराने नाश्ते से छुटकारा मिलने वाला है। करीब 16-17 वर्षों से बच्चों को सुबह के नाश्ते में लगभग एक जैसा दलिया दिया जा रहा है। लगातार एक ही तरह का नाश्ता मिलने से बच्चों की इसमें रुचि कम हो रही है। इसे देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने नाश्ते का मेन्यू बदलने की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2009 से संचालित रेडी टू ईट योजना के तहत बच्चों को गेहूं, चना, सोयाबीन, शक्कर, गुड़ और रागी जैसे अनाज से तैयार दलिया दिया जा रहा है। सप्ताह में तीन दिन मीठा और तीन दिन नमकीन दलिया परोसा जाता है। हालांकि, दोनों की सामग्री में ज्यादा अंतर नहीं होने के कारण बच्चे अब इसे पसंद नहीं कर रहे हैं। खासकर 5 से 6 साल के बच्चे दलिया खाने में कम रुचि दिखा रहे हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों से लगातार मिल रही शिकायतों और विभागीय सर्वे के बाद अब बच्चों के नाश्ते में विविधता लाने का फैसला किया जा रहा है। प्रस्तावित नए मेन्यू में इडली, सांभर-बड़ा, नारियल की चटनी और उड़द दाल के वड़े जैसे व्यंजन शामिल करने की तैयारी है। विभाग ने दूसरे राज्यों में बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते का भी अध्ययन किया है। इसमें स्थानीय खानपान और बच्चों की पसंद को प्राथमिकता देने की बात सामने आई है।

दोपहर के भोजन में भी बढ़ेंगे सब्जियों के विकल्प

नाश्ते के अलावा दोपहर 12.30 बजे मिलने वाले गर्म भोजन के मेन्यू में भी बदलाव प्रस्तावित है। वर्तमान में बच्चों को दाल-चावल के साथ आलू, हरी सब्जी या भाजी दी जाती है। इसके साथ सोयाबीन की बड़ी भी अनिवार्य रूप से शामिल रहती है। नई व्यवस्था में दाल-चावल और सोयाबीन की बड़ी पहले की तरह मिलती रहेगी, लेकिन सब्जियों के विकल्प बढ़ाए जाएंगे। मौसमी सब्जियों को भी भोजन में शामिल करने की तैयारी है।

बच्चों की पसंद और पोषण दोनों पर जोर

महिला एवं बाल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सी. सिसोदिया के अनुसार, बच्चों को पौष्टिक भोजन देने के साथ उनकी रुचि और पसंद का भी ध्यान रखा जा रहा है। कोशिश है कि बच्चे नाश्ता रुचि से खाएं और उन्हें भोजन से पर्याप्त पोषण मिल सके।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.