बिलासपुर। CG NEWS : देश में जनगणना की तैयारी तेज हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर बिलासपुर में उपचुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। मामला नगर निगम के तारबहार स्थित वार्ड नंबर 29, संजय गांधी नगर का है, जहां मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस वार्ड में उपचुनाव होना है, लेकिन कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अंतिम मतदाता सूची से करीब 180 लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी का कहना है कि यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है।कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंप दी है। उनका साफ कहना है कि अगर हटाए गए सभी नामों को दोबारा नहीं जोड़ा गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।चौंकाने वाली बात यह भी है कि पूर्व पार्षद शेख असलम के बेटे का नाम भी सूची से गायब बताया जा रहा है, जिससे विवाद और गहरा गया है।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह प्रशासनिक चूक है या सियासी खेल? फिलहाल सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।