CG | Sat, 17 October 2026

No Ad Available

CG NEWS : आकाशीय बिजली गिरने से दंपती की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

23 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 981 views
CG NEWS : आकाशीय बिजली गिरने से दंपती की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। CG NEWS : जिले के कटरा गांव के दूरस्थ वनांचल इलाके ढपनीपानी में शनिवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कटरा गांव से दूर जंगल में नदी के पास घर बनाकर रहने वाले मंगल सिंह पिता माधो (46) और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43) अपने घर पर मौजूद थे। बिरस्पतिया बाई घर के अंदर खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं, जबकि मंगल सिंह पास ही बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हुई और जोरदार आकाशीय बिजली उनके घर के आसपास गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही ले जाया गया

बताया गया कि दंपती के बच्चे घटना के समय घर से कुछ दूरी पर पड़ोसी के घर में थे, जिसके कारण वे बाल-बाल बच गए। परिजनों और ग्रामीणों की नजर जब मंगल सिंह और बिरस्पतिया बाई पर पड़ी तो तत्काल दोनों को डायल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जा रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत की घटना से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं, मामले में एसडीपीओ मरवाही अजय शंकर त्रिपाठी का कहना है कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.