रायगढ़। CG NEWS : रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सरिया नाला में करीब 60 से 70 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक पानी में डूब गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ड्राइवर के केबिन में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद नगर सेना की टीम और गोताखोरों को बुलाया गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सरिया नाला के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पुल के ऊपर से करीब 60-70 फीट नीचे पानी में जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ट्रक पानी में डूबा होने के कारण ड्राइवर का पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने नगर सेना की टीम को सूचना दी।
नगर सेना के जवानों और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। हाईड्रा वाहन की मदद से ट्रक को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला गया। जांच के दौरान ड्राइवर का शव केबिन में फंसा मिला। इसके बाद केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला गया।
नगर सेना के जवान संग्राम सिदार के मुताबिक, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। ट्रक को बाहर निकालने के बाद ड्राइवर के केबिन में फंसे होने की जानकारी हुई। केबिन काटकर शव को बाहर निकाला गया, जिसमें करीब एक घंटे का समय लगा।
फिलहाल मृतक ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।