रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ पुलिस ने राज्य स्तरीय अभियान ऑपरेशन तलाश के तहत अप्रैल माह में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 251 गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। इनमें 36 नाबालिग और 215 वयस्क शामिल हैं। इस अभियान का संचालन शशि मोहन सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसमें पुलिस टीमों ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया।
नाबालिगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने न केवल जिले में बल्कि अन्य राज्यों और जिलों जैसे दिल्ली, जालंधर, अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर तक पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित वापस लाया। जिन मामलों में बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने या शोषण की पुष्टि हुई, उनमें आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
थाना स्तर पर भी उल्लेखनीय प्रदर्शन देखने को मिला। लैलूंगा थाने ने सबसे अधिक 42 गुमशुदा लोगों को खोजा, जबकि चक्रधरनगर, जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली थानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। भूपदेवपुर थाना ने अपने यहां दर्ज सभी नाबालिग मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अभियान की सफलता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और अनुविभागीय अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान कई बिछड़े परिवारों के लिए खुशियां लौटाने वाला साबित हुआ।