जांजगीर-चांपा। CG CRIME NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के नैला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, स्टील की पाइप और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जिला चिकित्सालय जांजगीर से नैला पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिवनी खैरवार निवासी 45 वर्षीय संत कुमार बरैठ गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल में भर्ती है। मुलाहिजा रिपोर्ट में उसके सिर, दाहिने कंधे और बाएं हाथ में चोटें पाई गईं। डॉक्टर ने चोटों को गंभीर प्रकृति का बताया। सूचना मिलते ही नैला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, स्टील पाइप और लकड़ी का डंडा बरामद किया।
उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पांच आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।