CG | Wed, 25 February 2026

No Ad Available

CG Budget : छत्तीसगढ़ का आम बजट कुछ देर में, नए विधानसभा में पहली बार साय सरकार का तीसरा बजट, सीएम बोले – जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला

24 Feb 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 4 views
CG Budget : छत्तीसगढ़ का आम बजट कुछ देर में, नए विधानसभा में पहली बार साय सरकार का तीसरा बजट, सीएम बोले – जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला

रायपुर। CG Budget : छत्तीसगढ़ का आम बजट आज विधानसभा में पेश किया जाएगा। बजट को लेकर प्रदेश के व्यापारी वर्ग में खास उत्साह देखा जा रहा है। व्यापार संगठनों ने इस बार सरकार से नई तकनीक और व्यापारिक सरलीकरण पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए जाने वाले इस बार के बजट में प्रशासनिक सुधार, डिजिटल गवर्नेंस और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर फोकस किया जा सकता है। इसके साथ ही ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई घोषणाएं हो सकती हैं।

बजट से पहले क्या बोले सीएम विष्णुदेव साय

सीएम ने कहा- आज हमारी सरकार का तीसरा बजट नवीन विधानसभा में प्रस्तुत होने जा रहा है। यह बजट हमारी सरकार के समावेशी विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को केंद्रित करते हुए हमारी सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को हमने प्राथमिकता दी है। हमारा पूरा विश्वास है इस बजट से हमारे ‘सुशासन से समृद्धि’ के मॉडल को एक मजबूत आधार मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का यह बजट समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला होगा। उन्होंने उम्मीद जताया कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।वित्त मंत्री ने क्या कहा

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- छत्तीसगढ़ के 25 गौरवशाली वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा में एक नया अध्याय। नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन में पहली बार बजट प्रस्तुत करूंगा।

नई विधानसभा में पहला बजट

छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा में यह पहला बजट होगा। नई विधानसभा का शुभारंभ पीएम मोदी ने 1 नवंबर 2025 को राज्योत्सव के मौके पर किया था। विधानसभा का बजट सत्र भी नई विधानसभा में शुरू हुई है।

राज्य घरेलू उत्पाद में वृद्धि

आर्थिक समीक्षा के अनुसार, 2025-26 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) वर्ष 2024-25 के 3,31,402 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,58,293 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 2024—25 की तुलना में 8.11 प्रतिशत की वृद्धि है। समीक्षा के अनुसार, कृषि और संबद्ध क्षेत्र के वर्ष 2024-25 के 53,928 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 57,969 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 7.49 प्रतिशत की वृद्धि है।

आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट पेश

छत्तीसगढ़ में वित्त वर्ष 2025-26 में स्थिर मूल्य पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 8.11 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है तथा प्रति व्यक्ति आय 1,79,244 रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। विधानसभा में सोमवार को राज्य के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग के मंत्री ओ पी चौधरी ने राज्य की आर्थिक समीक्षा 2025-26 को पटल पर रखा।

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि राज्य में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने नया रायपुर में एआई लैब स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं और स्टार्टअप्स को नई दिशा मिलेगी।

व्यापार प्रक्रियाओं का हो सरलीकरण : अजय भसीन

चैंबर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए छत्तीसगढ़ को भी तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने व्यापार प्रक्रियाओं के सरलीकरण, लाइसेंस और कर व्यवस्था को आसान बनाने एवं छोटे व्यापारियों को राहत देने की मांग की।

महिलाओं को उत्पादन से बाजार तक मिले सहयोग : सुमन कन्नौजे

महिला उद्यमियों ने भी बजट से बड़ी उम्मीदें जताई है। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज महिला चैंबर की प्रदेश अध्यक्ष सुमन कन्नौजे ने कहा कि इस बार के बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि सरकार महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे उद्योगों को कच्चा माल उपलब्ध कराए और जब उत्पाद तैयार हो जाए तो उसके विपणन और परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को उत्पादन से लेकर बाजार तक संपूर्ण सहयोग मिलेगा तो वे आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.