जांजगीर-चांपा। CG ACCIDENT: जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जहां यात्रियों से भरा एक इलेक्ट्रिक ऑटो ओवरब्रिज के पास स्थित डबरी में जा गिरा। ऑटो में बच्चे समेत 12 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में सभी लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा भेजा गया। घटना ने एक बार फिर नगरीय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना अकलतरा थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज स्थित डबरी की है। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक ऑटो पामगढ़ से दर्राभाठा की ओर जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर ऑटो सड़क किनारे स्थित डबरी में जा गिरा। हादसे के समय ऑटो में बच्चे, महिलाएं और पुरुष समेत 12 से अधिक लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया।
घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र महज एक-एक माह बताई जा रही है। सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरब्रिज के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।