रायपुर। आज आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ श्रम आयोग के उपाध्यक्ष श्री किशोर महानंद जी रायपुर जिला अस्पताल पहुँचे। दोनों ने मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा ताजे फलों का वितरण किया।
इस अवसर पर अस्पताल के RMO डॉ. लक्ष्मण यादव जी के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों की जनसेवा, समर्पण और सेवा-संकल्प की यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा का विषय है। अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा, “मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर हमें भी समाज के जरूरतमंद और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए निरंतर आगे बढ़ना है। मानव सेवा से बड़ा कोई संकल्प नहीं हो सकता। किसी जरूरतमंद के जीवन में थोड़ी-सी राहत, सहयोग और मुस्कान ला पाना ही सेवा की सबसे बड़ी सार्थकता है।”
आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए श्री जूदेव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सीधे मानव जीवन और परिवार की खुशहाली से जुड़ी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रयास महत्वपूर्ण हैं। रायपुर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए जो भी संभव होगा, उसमें सहयोग का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर इस सेवा भावना को निरंतर आगे बढ़ाना ही हमारा संकल्प है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ श्रम आयोग के उपाध्यक्ष श्री किशोर महानंद जी ने सेवा संकल्प अभियान को समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुँचने की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि मरीजों से मिलकर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी लेना और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना जनसेवा की वास्तविक भावना को दर्शाता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक संवेदना और सहयोग पहुँचाने के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर होते रहने चाहिए।