CG | Sun, 21 June 2026

No Ad Available

स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ा गरियाबंद, योग से गूंजा कान्हा क्लब,अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डेढ़ घंटे तक चला सामूहिक योगाभ्यास,Yoga for Healthy Ageing” थीम के साथ स्वास्थ्य और फिटनेस का दिया संदेश

21 Jun 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 15 views
स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ा गरियाबंद, योग से गूंजा कान्हा क्लब,अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डेढ़ घंटे तक चला सामूहिक योगाभ्यास,Yoga for Healthy Ageing” थीम के साथ स्वास्थ्य और फिटनेस का दिया संदेश

 

गरियाबंद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह गरियाबंद स्थित कान्हा क्लब में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले योग सत्र में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं शारीरिक क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम में योग शिक्षक होरीलाल माली ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों की विधि और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ शारीरिक सक्रियता, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देना है। योग दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर देशवासियों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कान्हा क्लब के कोच जीडी उपासने ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है।

वहीं प्रीत सोनी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त और स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हर व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है।

गरियाबंद के कान्हा क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। नियमित योग अभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।

इस अवसर पर कान्हा क्लब के कोच जीडी उपासने, पार्षद छगन यादव, सीनियर खिलाड़ी प्रकाश सरवैया, इमरान मेमन, ललित साहू, प्रीत सोनी, नरेंद्र साहू, संतोष यादव, मिथलेश सिन्हा, गुंडा धुर्व एवं गौतम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित रहे।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.