रायपुर। RAIPUR NEWS: रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के चार शासकीय स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 33 मेधावी विद्यार्थियों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र और 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक सुनील सोनी ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से उनमें नया उत्साह पैदा होता है। इससे विद्यार्थी आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए और अधिक मेहनत करेंगे। साथ ही, अन्य विद्यार्थियों को भी अच्छे अंक हासिल करने और पढ़ाई के प्रति गंभीर होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

यह सम्मान समारोह रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, कटोरा तालाब, शासकीय सुंदरी कालीबाड़ी स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, संतोषी नगर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, मठपुरैना में आयोजित किया गया।

इस दौरान 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 33 विद्यार्थियों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र के साथ 5-5 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने इस सम्मान के लिए प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

विधायक सुनील सोनी ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की ऐसी पहल से शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा और अधिक से अधिक विद्यार्थी उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।