रायपुर / अभनपुर। RAIPUR BREAKING: गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के महानदी स्थित नेहरू घाट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। महानदी में नहाने उतरा एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट नवापारा निवासी प्रदीप कश्यप अपनी पत्नी के साथ महानदी में नहाने गया था। दोनों नदी में उतरे थे, लेकिन प्रदीप गहराई और तेज बहाव में चले जाने के कारण डूब गया। वहीं उसकी पत्नी सुरक्षित बाहर निकल आई।
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस ने रायपुर से गोताखोरों की टीम को भी मौके के लिए रवाना कर दिया है। गोताखोरों के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ युवक की तलाश में जुटी हुई है।