नई दिल्ली। Neeraj Chopra Injury: भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर Neeraj Chopra ने चोट के चलते इस सीजन के बाकी हिस्से में प्रतियोगिताओं से दूर रहने का फैसला किया है। नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लॉज़ेन में ‘सीजन के बेस्ट थ्रो’ के बाद उन्हें अपनी लय और प्रदर्शन में सुधार महसूस हो रहा था, लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट टियर हो गया।
नीरज ने बताया कि डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा करने के बाद उन्होंने मौजूदा सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए निराशाजनक है, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी पुरानी लय हासिल करने के करीब पहुंच रहे हैं।
अब रिकवरी पर रहेगा फोकस
नीरज चोपड़ा ने कहा कि चोट और रुकावटें सफर का हिस्सा हैं। अब उनका पूरा ध्यान चोट से अच्छी तरह उबरने और मजबूत वापसी करने पर रहेगा। उन्होंने अपने प्रशंसकों के प्यार और समर्थन के लिए आभार भी जताया।
लॉज़ेन में हालिया प्रदर्शन के बाद नीरज को अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत मिले थे, लेकिन चोट ने उनके सीजन के अभियान पर फिलहाल विराम लगा दिया है। भारतीय एथलेटिक्स प्रशंसकों के लिए यह खबर निराशाजनक है।
