रायपुर। Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक बार फिर आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए 29वीं किस्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से योजना की राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया। इस दौरान प्रदेश की 66 लाख से अधिक हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 626.25 करोड़ रुपये भेजे गए। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार महतारी वंदन योजना केवल मासिक आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभाने का अवसर भी दे रही है।

उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 29 किश्तों के माध्यम से महिलाओं के खातों में 18,805.83 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे जमा कराई जा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की हर पात्र महिला तक इस योजना का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे छोटे कारोबार शुरू करने, सिलाई-कढ़ाई, पशुपालन, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और घरेलू खर्चों में कर रही हैं। इससे उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता आई है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी लंबित है, उसे जल्द पूरा कराया जाए ताकि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित न रहे। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से प्रदेश में लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार के पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को भी नई गति मिली है।