CG | Sat, 24 October 2026

No Ad Available

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

23 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 822 views
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

मोहला: जनगणना-2027 के कार्यों को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर तनुजा सलाम की उपस्थिति में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक दीपक गोदे ने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संपन्न किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत जनवरी-फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला जनगणना सहायक तथा तकनीकी सहायकों सहित ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, जनगणना सहायक और तकनीकी सहायक शामिल हुए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सहित नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना संबंधी कार्यों की प्रक्रिया और दायित्वों से अवगत कराया जा रहा है।

जिले में जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कार्य की बारीकियों को समझने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मैदानी स्तर पर कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp