CG | Sat, 01 August 2026

No Ad Available

Instagram पर हुआ प्यार, 850 KM दूर 20 साल छोटे प्रेमी के लिए घर छोड़ पहुंची 3 बच्चों की मां

31 Jul 2026 | WEENEWS DESK | 1021 views
Instagram पर हुआ प्यार, 850 KM दूर 20 साल छोटे प्रेमी के लिए घर छोड़ पहुंची 3 बच्चों की मां

लखीमपुर खीरी। Instagram Love Story: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती ऐसी प्रेम कहानी में बदल गई, जिसने दो राज्यों में चर्चा छेड़ दी। बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय शादीशुदा महिला अपने पति और तीन बच्चों को छोड़कर करीब 850 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी पहुंच गई। महिला का कहना है कि वह अब अपने से 20 साल छोटे 18 वर्षीय युवक के साथ ही रहना चाहती है। पुलिस, पंचायत, पति और बच्चों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने घर लौटने से साफ इनकार कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी प्रद्युम्न की शादी करीब 15 साल पहले सुमन कुमारी उर्फ लवली (38) से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 14, 8 और 6 वर्ष बताई जा रही है। परिवार सामान्य जीवन बिता रहा था, जबकि सुमन सोशल मीडिया पर रील्स बनाती थी। इसी दौरान करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले 18 वर्षीय पवन से हुई। पवन हरियाणा के सोनीपत में एक निजी कंपनी में काम करता था।

शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन धीरे-धीरे चैटिंग, वीडियो कॉल और लगातार संपर्क ने इस रिश्ते को प्रेम संबंध में बदल दिया। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले महिला अपने पति और बच्चों को बिना बताए घर छोड़कर सोनीपत पहुंच गई, जहां दोनों कुछ समय तक साथ रहे। हालांकि बाद में आपसी विवाद के चलते पवन अपने गांव लखीमपुर खीरी लौट आया।

इसके बाद भी महिला ने उसका साथ नहीं छोड़ा। वह करीब 850 किलोमीटर का सफर तय कर लखीमपुर खीरी पहुंच गई। जब पवन के परिवार को पूरे मामले की जानकारी मिली तो गांव में पंचायत बुलाई गई। मामला बढ़ने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाने का प्रयास किया।

उधर, सूचना मिलने पर महिला का पति प्रद्युम्न भी अपने तीनों बच्चों के साथ बिहार से लखीमपुर खीरी पहुंच गया। पुलिस थाने में भावुक माहौल देखने को मिला। तीनों बच्चे अपनी मां से लिपटकर घर लौटने की गुहार लगाते रहे। पति ने भी परिवार बचाने की अपील की और ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य का हवाला देकर महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला अपने फैसले पर अडिग रही।

महिला ने स्पष्ट कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं जाएगी। उसका आरोप है कि पति कोई काम नहीं करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसने कहा कि अब बच्चों की जिम्मेदारी उनके पिता उठाएं और वह अपने पुराने जीवन में वापस नहीं लौटना चाहती।

वहीं, 18 वर्षीय पवन का कहना है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के दौरान उसे यह जानकारी नहीं थी कि महिला शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। उसके अनुसार, सच्चाई सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ, लेकिन महिला फिर भी उसका पीछा करते हुए उसके गांव तक पहुंच गई।

फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की है। अब तक किसी आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं की गई है और आगे की कार्रवाई परिस्थितियों एवं कानूनी पहलुओं के अनुसार की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.