गरियाबंद, 21 अगस्त 2026। गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके से कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान कलेक्टर उइके ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा गरियाबंद के 14वें कलेक्टर बने हैं। इससे पहले वे समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में कार्यरत थे। पदभार ग्रहण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक आमजनों तक पहुंचाने के साथ जिले के विकास की गति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इसके बाद कलेक्टर ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, नवीन भगत, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।