रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना पुलिस ने सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड तथा बैंक खाते से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जशपुर निवासी कुबेर कुमार यादव, जो सूर्योदय प्लांट में सुरक्षा गार्ड हैं, 13 जुलाई की शाम तुमीडीह बाजार जा रहे थे। कंपनी गेट से कुछ दूरी पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया और मोबाइल व पर्स लूट लिया। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल के जरिए उसके फोन-पे से 30 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चिराईपानी स्थित वेज्रौन कंपनी के पास तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह, जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू और अनिकेत धनवार के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।