दुर्ग | शिक्षा मंत्री के गृह जिले में स्कूली बच्चे भी अब नशे के खतरनाक जाल में फंसते नजर आ रहे हैं। पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहां 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सहपाठियों को 'चॉकलेट' का झांसा देकर प्रतिबंधित नशीली दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ ही देर बाद 8 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद स्कूल परिसर में भारी हड़कंप मच गया।
चक्कर, बेहोशी और शरीर में अकड़न
जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र ने धोखे से बच्चों को नशीली गोलियां दी थीं। दवा खाते ही बच्चों को भयंकर चक्कर आने लगे। देखते ही देखते कुछ बच्चे बेहोश हो गए और उनके शरीर में अकड़न आ गई। घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन आनन-फानन में स्कूल पहुंचे और बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
आईसीयू में जिंदगी से जंग लड़ रहा एक छात्र
नशीली दवा के शिकार हुए छात्रों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढीमर, लकेश ढीमर और फनिश निषाद शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद चार बच्चों की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया है, जबकि चार बच्चों का इलाज अभी भी जारी है। इनमें से एक छात्र, नैतिक रामटेके की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने परिजनों में आक्रोश पैदा कर दिया है और स्कूल प्रबंधन की निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।